*विद्युत उपभोक्ताओं के अधिकारों पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित*
*ग्राम बहेरा में एक दिवसीय शिविर में ग्रामीणों को दी गई महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी*
*बेमेतरा, 25 फरवरी 2026:-* सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा के निर्देशानुसार ग्राम बहेरा में विद्युत उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने हेतु एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को विद्युत उपभोक्ता होने के नाते प्राप्त अधिकारों एवं शिकायत निवारण की प्रक्रिया की जानकारी देना था।
शिविर में सहायक प्रतिरक्षा अधिवक्ता आयुष शुक्ला ने उपस्थित ग्रामवासियों को बताया कि प्रत्येक उपभोक्ता को निर्धारित वोल्टेज एवं गुणवत्ता के साथ नियमित विद्युत आपूर्ति प्राप्त करने का अधिकार है। अनावश्यक एवं बार-बार विद्युत कटौती नहीं की जा सकती। निर्धारित समय से अधिक कटौती होने पर उपभोक्ता मुआवजे की मांग कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि विद्युत बिल स्पष्ट, समझने योग्य तथा वास्तविक मीटर रीडिंग पर आधारित होना चाहिए। लंबे समय तक औसत बिलिंग नहीं की जा सकती। यदि उपभोक्ता को बिल पर संदेह हो तो उन्हें मीटर जांच कराने का अधिकार है। मीटर में समस्या की शिकायत करने पर 15 दिनों के भीतर उसका निराकरण किया जाना अनिवार्य है। यदि निर्धारित समय में समाधान नहीं होता, तो उपभोक्ता उपभोक्ता फोरम में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
सहायक प्रतिरक्षा अधिवक्ता देवेंद्र साहू ने बताया कि विद्युत संबंधी शिकायतें तीन स्तरों पर की जा सकती हैं जिसमे ग्रिवेंस रिड्रेसल ऑफिसर (CGRF), विद्युत लोकपाल (Electricity Ombudsman), आवश्यकता होने पर उपभोक्ता आयोग शामिल हैं | अमन दुबे ने जानकारी दी कि कोई भी पात्र व्यक्ति निर्धारित शुल्क जमा कर नया बिजली कनेक्शन प्राप्त करने का अधिकारी है तथा वितरण कंपनी मनमाने ढंग से आवेदन अस्वीकार नहीं कर सकती।
प्रतिरक्षा अधिवक्ता पी. राजेश्वरी ने मीटर जांच एवं परीक्षण के अधिकार के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि उपभोक्ता लिखित आवेदन देकर मीटर टेस्टिंग की मांग कर सकता है। यदि मीटर खराब पाया जाता है तो बिल में आवश्यक संशोधन किया जाएगा। शिविर के दौरान ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता के महत्व एवं आपराधिक मामलों में लीगल एड डिफेंस काउंसिल की भूमिका के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।










