*लंबित प्रकरणों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता से करें – कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं*
*जिला कार्यालय में समय-सीमा बैठक आयोजित, विभागवार गहन समीक्षा*
*बेमेतरा 03 मार्च 2026:-* जिला कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की विभागवार गहन समीक्षा की। बैठक में प्रशासनिक कार्यप्रणाली में कसावट लाने, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति पर विशेष जोर दिया गया।
*निर्धारित समयावधि में हो लंबित प्रकरणों का निराकरण*
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने लंबित प्रकरणों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विभागों में पुराने लंबित मामलों की फाइलों का परीक्षण कर शीघ्र निराकरण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रकरणों के निपटारे में समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें और तय अवधि के भीतर कार्य पूर्ण करें।
*योजनाओं के क्रियान्वयन में लाएं प्रगति*
बैठक में कलेक्टर ने शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं, विशेषकर प्रधानमंत्री आवास योजना, जाति प्रमाण पत्र जारी करने सहित अन्य विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके।
*लापरवाही पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई*
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यदि बिना किसी ठोस कारण के कार्यों में देरी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों द्वारा सीधे कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
*समन्वय से सुलझाएं प्रकरण*
बैठक में अंतर-विभागीय समन्वय पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि जिन मामलों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की आवश्यकता हो, वहां आपसी सहयोग से त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण न केवल सरकारी कार्यक्षमता को प्रदर्शित करता है, बल्कि शासन के प्रति आम जनता के विश्वास को भी मजबूत करता है।
*जवाबदेही तय कर लाएं परिणाम*
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने सभी अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करने और अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनहित से जुड़े कार्यों को समय पर पूर्ण करना है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।










