*नवागढ़ की सड़कों पर सफर या मौत को दावत? साल्हेघोरी–गांगपुर मार्ग की बदहाली ने खोली विकास की पोल!*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*नवागढ़ की सड़कों पर सफर या मौत को दावत? साल्हेघोरी–गांगपुर मार्ग की बदहाली ने खोली विकास की पोल!*

*सुधार के नाम पर जिम्मेदारों की चुप्पी क्यों? दशहरा के दौरान गंभीर सड़क हादसे के बाद भी नहीं जागा विभाग, आखिर आम जनता को सुगम और सुरक्षित सड़क कब मिलेगी?*

बेमेतरा – नवागढ़ ब्लॉक मुख्यालय से लगे ग्राम साल्हेघोरी और गांगपुर मार्ग की बदहाल तस्वीर देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां से गुजरने वाले राहगीर किस तरह अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। सड़क की दुर्दशा अब केवल आवागमन की परेशानी नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है।

हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग पर दशहरा के दौरान एक बड़ा सड़क हादसा भी हो चुका है, जिसमें कई लोगों को गंभीर चोटें आई थीं। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आना आखिर किसकी जिम्मेदारी पर सवाल खड़ा करता है? क्या विभाग किसी और बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?

सड़क पर जगह-जगह बदहाल स्थिति और गड्ढों के बीच दोपहिया वाहन चालकों से लेकर चारपहिया वाहन चालकों तक को बेहद सावधानी से गुजरना पड़ता है। खासकर रात के समय यह मार्ग और भी जोखिम भरा हो जाता है। स्थानीय लोगों की चिंता है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या सड़क सुधार की जिम्मेदारी केवल कागजों और विभागीय दावों तक सीमित रह गई है? आखिर नवागढ़ क्षेत्र के ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन का अधिकार कब मिलेगा? दशहरा के दौरान हुए हादसे के बाद क्या विभाग ने स्थल निरीक्षण किया? यदि किया तो सुधार कार्य अब तक क्यों नहीं हुआ? और यदि निरीक्षण ही नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही कौन तय करेगा?

नवागढ़ क्षेत्र की तस्वीर बदलने और विकास के दावों को धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासन इस मार्ग की बदहाली को कब गंभीरता से लेंगे?

अब सवाल सिर्फ सड़क के गड्ढों का नहीं, बल्कि उन गड्ढों में छिपे संभावित हादसों का है। जनता को आश्वासन नहीं, सुरक्षित सड़क चाहिए। आखिर नवागढ़ की यह तस्वीर कब बदलेगी और साल्हेघोरी–गांगपुर मार्ग पर राहत की राह कब खुलेगी?

खबर और हकीकत का सवाल यही है—क्या जिम्मेदारों की नजर इस बदहाल सड़क पर पड़ेगी, या फिर किसी अगले हादसे के बाद ही विभाग की नींद टूटेगी?

Leave a Comment

और पढ़ें