बेमेतरा में पत्रकारिता, साहित्य और प्रतिभाओं का महाकुंभ: अश्वनी कुमार पात्रे ‘संगम’ सहित अनेक विभूतियां सम्मानित
तीन भाषाओं के साझा शायरी संग्रह ‘हमारी शायरी हमारी डायरी’ का हुआ विमोचन, पत्रकारों के स्वास्थ्य अधिकारों को लेकर उठी अहम मांग
बेमेतरा – कलम की ताकत, साहित्य की संवेदना और प्रतिभाओं के सम्मान का अनूठा संगम 16 नवंबर 2026 को बेमेतरा के टाउन हॉल में देखने को मिला। छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ, जिला इकाई बेमेतरा के तत्वावधान में आयोजित प्रदेश स्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह, दीपावली मिलन, पुस्तक विमोचन एवं कवि सम्मेलन में प्रदेशभर से पहुंचे पत्रकारों, साहित्यकारों, कवियों, शिक्षकों और समाजसेवियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।इस आयोजन में साहित्यकार अश्वनी कुमार पात्रे ‘संगम’ को मिर्जा गालिब सम्मान, कला साहित्य सम्मान एवं शिखर साहित्य सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं पत्रकारिता, शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा और रचनात्मक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली अनेक प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत-अभिनंदन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड के प्रदेशाध्यक्ष प्रहलाद रजक तथा अध्यक्षता छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में लालन यादव, डब्लू ठाकुर, राजेन्द्र कश्यप, पंकज खंडेलवाल, उमाकांत मिश्रा, उमाशंकर साहू, श्रवण घृतलहरे, अजीत मिश्रा, तरुण पटेल, विजय कुमार देशलहरे सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
तीन भाषाओं की शायरी ने बिखेरी साहित्यिक खुशबू
समारोह का विशेष आकर्षण अधिवक्ता मणिशंकर दिवाकर ‘गदगद’ के संपादन में तैयार राष्ट्रीय साझा शायरी संग्रह ‘हमारी शायरी हमारी डायरी’ का विमोचन रहा। हिंदी, उर्दू एवं छत्तीसगढ़ी भाषा में तैयार इस साझा संग्रह में 27 साहित्यकारों की रचनाओं को स्थान दिया गया है। अतिथियों के करकमलों से पुस्तक का विमोचन हुआ। इस अवसर पर कवियों एवं साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
छत्तीसगढ़ी लोकगायिका श्रीमती उषा ड्रांट की मधुर आवाज ने समां बांध दिया। वहीं सुगम दास अनंत, रामप्रसाद घृतलहरे, रमेश कुमार रसिय्यार, जुगेश बंजारे, साधूराम अनंत, कमल जांगड़े, हिरऊ जांगड़े, गणेश महंत एवं डॉ. सरजू प्रसाद दिवाकर सहित अन्य रचनाकारों ने गीत और कविताओं की शानदार प्रस्तुतियां दीं।कार्यक्रम में कक्षा पांचवीं के नन्हे प्रतिभाशाली तेजस्वी दिवाकर ने पत्रकारों के सम्मान में अपनी दो पंक्तियों से खूब वाहवाही बटोरी—
“न बिकती है कलम, न झुकता है ईमान,
ऐसे पत्रकार को देश करता है सलाम।”
शिक्षाविदों और प्रतिभाओं का भी हुआ सम्मान
समारोह में व्याख्याता परसराम बंजारे को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान 2026 एवं ‘ईयर ऑफ द बेस्ट लेक्चरर 2026’ से सम्मानित किया गया। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बैजी के प्रधानपाठक को भी डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान प्रदान किया गया। वहीं अधिवक्ता मणिशंकर दिवाकर को विधि रत्न सेवा सम्मान 2026 एवं हास्य कवि सम्मान से नवाजा गया। प्रदेशभर से पहुंचे पत्रकारों को भी स्मृति चिह्न एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
पत्रकारों के स्वास्थ्य अधिकारों पर उठी आवाज
इस समारोह में सम्मान और साहित्यिक प्रस्तुतियों के साथ पत्रकार हितों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। संवाद समृद्धि पथ के प्रधान संपादक विजय कुमार देशलहरे ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम जिला कलेक्टर बेमेतरा के माध्यम से ज्ञापन सौंपने की पहल करते हुए प्रदेश के समस्त शासकीय एवं शासन से लाभान्वित अर्धशासकीय अस्पतालों में पत्रकारों और उनके आश्रित परिवारों के लिए पृथक जनरल वार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकार विपरीत परिस्थितियों और जोखिमों के बीच जनहित की आवाज बुलंद करते हैं, लेकिन उनके और उनके परिवारों के स्वास्थ्य अधिकारों को लेकर आज भी विशेष सुविधाओं का अभाव महसूस किया जाता है। ऐसे में पत्रकारों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकता में शामिल होना चाहिए।
दो सत्रों में सजा आयोजन, अतिथियों ने की सराहना
कार्यक्रम के प्रथम सत्र का प्रभावशाली संचालन अधिवक्ता मणिशंकर दिवाकर ‘गदगद’ ने किया, जबकि द्वितीय सत्र की कमान छत्तीसगढ़ कलमकार मंच मस्तूरी के प्रदेश उपाध्यक्ष जुगेश बंजारे ने संभाली। आयोजन की सफलता में जिला इकाई बेमेतरा के जगदीश प्रसाद घृतलहरे एवं डोमन बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अंत में जगदीश घृतलहरे ने अतिथियों, पत्रकारों, साहित्यकारों, कवियों, कलाकारों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सामूहिक छायाचित्र के साथ समारोह की यादों को संजोया गया।
बेमेतरा का यह आयोजन एक संदेश छो
ड़ गया कि पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं, साहित्य केवल शब्दों का संग्रह नहीं और सम्मान केवल स्मृति चिह्न नहीं—बल्कि समाज के लिए समर्पित कलम, प्रतिभा और सेवा को पहचान देने का सशक्त माध्यम है।









