कानन पेंडारी में साहित्य का संगम: छत्तीसगढ़ कलमकार मंच की काव्य-गोष्ठी में तीन पुस्तकों का भव्य विमोचन

58 साहित्यकारों को मिला ‘कलमकार साहित्यमणि सम्मान 2026’, मंच के नाम दर्ज हुआ 90 पुस्तकों के विमोचन का गौरव
बिलासपुर-बिलासपुर साहित्य, सृजन और सम्मान के अनूठे संगम का गवाह बना कानन पेंडारी जूलॉजिकल पार्क, जहां 22 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ कलमकार मंच मस्तूरी के तत्वावधान में भव्य पुस्तक विमोचन, काव्य-गोष्ठी एवं साहित्यकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तीन पुस्तकों का विमोचन किया गया, वहीं विभिन्न जिलों से पहुंचे 58 साहित्यकारों को ‘कलमकार साहित्यमणि सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ साहित्यकारों के स्वागत और भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ हुआ। इसके बाद करतल ध्वनि के बीच तीन पुस्तकों का विमोचन किया गया। इनमें डॉ. किशन टण्डन क्रान्ति द्वारा संपादित एवं सुरजीत द्वारा संकलित राष्ट्रीय साझा संकलन ‘सरित् प्रवाह’, तथा डॉ. किशन टण्डन क्रान्ति के काव्य संग्रह ‘कारवाँ’ और ‘तिरंगा’ शामिल हैं। ‘सरित् प्रवाह’ में 58 कलमकारों का परिचय और उनकी चुनिंदा रचनाएं संकलित हैं। वहीं ‘कारवाँ’ और ‘तिरंगा’ उनकी क्रमशः 84वीं और 85वीं साहित्यिक कृतियां हैं।
मंच के संस्थापक-अध्यक्ष डॉ. किशन टण्डन क्रान्ति ने कहा कि साहित्य समाज को दिशा देने और संवेदनाओं को अभिव्यक्ति देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि इन तीन पुस्तकों के विमोचन के साथ मंच के बैनर तले प्रकाशित एवं विमोचित पुस्तकों की संख्या 90 हो गई है। वहीं 58 साहित्यकारों के सम्मान के साथ मंच द्वारा सम्मानित कलमकारों की संख्या 1659 तक पहुंच गई है। यह मंच का 33वां आयोजन रहा।
कार्यक्रम वरिष्ठ साहित्यकार एवं सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर विजय कुमार कोशले के मुख्य आतिथ्य, डॉ. किशन टण्डन क्रान्ति की अध्यक्षता तथा बुंदराम जांगड़े एवं प्रोफेसर प्यारेलाल आदिले के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस दौरान कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। काव्य पाठ की गूंज से आयोजन स्थल तालियों से गूंजता रहा और कानन पेंडारी घूमने पहुंचे पर्यटक भी साहित्यिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने ठहरते नजर आए।
बिलासपुर, बेमेतरा, मुंगेली, जांजगीर और कोरबा सहित विभिन्न जिलों से पहुंचे साहित्यकारों को मेडल, सम्मानपत्र एवं पुस्तक भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन जुगेश बंजारे धीरज ने किया तथा अंत में सचिव नवीन कुमार कुर्रे ने आभार व्यक्त किया।यह आयोजन केवल तीन पुस्तकों के विमोचन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि साहित्यकारों को साझा मंच, नई पहचान और रचनात्मक ऊर्जा देने की दिशा में छत्तीसगढ़ कलमकार मंच की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बनकर सामने आया।









