*राष्ट्रीय तंबाखू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित*

*शिक्षक, मितानिन ट्रेनर एवं विकासखंड समन्वयकों को दिया गया प्रशिक्षण, तंबाकू निषेध की दिलाई गई शपथ*
*बेमेतरा 03 फरवरी 2026:-* तंबाखू एवं तंबाखू युक्त पदार्थों के सेवन पर रोक एवं नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग, जिला बेमेतरा द्वारा राष्ट्रीय तंबाखू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अमृत लाल रोहलेडर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
राष्ट्रीय तंबाखू नियंत्रण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु यह प्रशिक्षण चार चरणों में आयोजित किया गया, जिसमें जिले के शिक्षक, मितानिन ट्रेनर एवं विकासखंड समन्वयकों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सीएमएचओ कार्यालय के मीटिंग हॉल एवं न्यू फूड प्लाजा, बेमेतरा में किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिला चिकित्सालय बेमेतरा की दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. विजया रमन द्वारा प्रतिभागियों को तंबाखू के दुष्प्रभावों, तंबाखू नियंत्रण के कानूनी प्रावधानों एवं तंबाकू मुक्त गांव (टोबेको फ्री विलेज ) की अवधारणा पर विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि समाज में तंबाखू के खिलाफ जागरूकता फैलाने में शिक्षक, मितानिन एवं ब्लाक स्तर के समन्वयकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण सत्र में सिगरेट एवं अन्य तंबाखू उत्पाद अधिनियम (COTPA-2003) की विभिन्न धाराओं — धारा 4, 5, 6A, 6B एवं 7 पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध, तंबाखू उत्पादों के विज्ञापन पर प्रतिबंध तथा नाबालिगों को तंबाखू उत्पादों की बिक्री पर रोक जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन 2 फरवरी को सीएमएचओ कार्यालय के मीटिंग हॉल में किया गया, जहां सीएमएचओ डॉ. अमृत लाल रोहलेडर ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को तंबाकू निषेध की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने तंबाखू मुक्त समाज के निर्माण हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।










