जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा द्वारा मानवता की मिसाल*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा द्वारा मानवता की मिसाल*

 

*सड़क किनारे पड़े मानसिक विक्षिप्त व्यक्ति का रेस्क्यू कर कराया गया समुचित उपचार*

 

*न्यूज़ स्टोरी @बेमेतरा छत्तीसगढ़ – 05 फरवरी 2026:-* राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा द्वारा मानवता एवं सामाजिक दायित्व का एक सराहनीय और अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया। श्रीमती सरोज नंद दास, प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा के मार्गदर्शन तथा श्रीमती अनिता कोशिमा रावटे, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा के दिशा-निर्देशन में यह त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नया सर्किट हाउस, बेरला रोड, बेमेतरा के समीप एक अज्ञात मानसिक विक्षिप्त व्यक्ति सड़क के किनारे निर्वस्त्र अवस्था में पड़े होने की सूचना माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री मोहित सिंह द्वारा दी गई। सूचना मिलते ही सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा तत्काल अध्यक्ष/प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय को अवगत कराते हुए त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा के अधिकार मित्र संजीव शर्मा, चेतन सिंह एवं देवेंद्र यादव, तथा पुलिस आरक्षक राजेन्द्र जायसवाल के सहयोग से उक्त मानसिक विक्षिप्त व्यक्ति का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। मानवता का परिचय देते हुए अधिकार मित्रों द्वारा सर्वप्रथम व्यक्ति को गमछा पहनाकर सम्मानजनक स्थिति में लाया गया, तत्पश्चात प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सकीय परीक्षण हेतु जिला अस्पताल, बेमेतरा भेजा गया।

 

जिला अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा मानसिक एवं शारीरिक स्थिति का परीक्षण किए जाने के उपरांत आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूर्ण कर माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट से आदेश प्राप्त किए गए। आदेशानुसार उक्त व्यक्ति को शासकीय मानसिक चिकित्सालय सेंदरी, बिलासपुर में उचित उपचार हेतु भर्ती कराया गया। यह पहल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा की संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं सामाजिक दायित्व के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जो समाज के उपेक्षित एवं असहाय वर्गों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

Leave a Comment

और पढ़ें