दीवार गिरने से दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
बेमेतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खैरी (राऊरपुर) में एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। जानकारी के अनुसार राऊरपुर निवासी ओमप्रकाश कोसले की दो पुत्रियां वंशिका कोसले (11 वर्ष) एवं राधिका कोसले (7 वर्ष) की पुराने मकान की दीवार गिरने से दबकर दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे दोनों बच्चियां घर के पास थीं, तभी जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और दोनों उसकी चपेट में आ गईं। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए बच्चियों को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
*पहले भी हो चुकी थी घटना… अब दो बहनों की गई जान*
ग्रामीणों के अनुसार इसी दीवार के गिरने की आशंका पहले भी सामने आ चुकी थी। पूर्व में ओमप्रकाश कोसले और उनकी पत्नी पार्वती कोसले भी इसकी चपेट में आ गए थे, हालांकि उस समय उन्हें गंभीर चोट नहीं आई थी। इसके बाद मकान की छत के खपरेल हटा दिए गए थे, लेकिन दीवार को खुला छोड़ दिया गया था। माना जा रहा है कि कमजोर हो चुकी दीवार आखिरकार ढह गई और यह दुखद हादसा हो गया।
ओमप्रकाश कोसले के चार बच्चे हैं, जिनमें
दो बड़े बेटे और उनसे छोटी दो बेटियां वंशिका एवं राधिका थीं। इस हादसे ने परिवार से उनकी दोनों बेटियों को हमेशा के लिए छीन लिया। एक साथ दो मासूम बहनों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है और हर आंख नम है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं संबंधित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। मामले की जांच की जा रही है। गांव में मातम का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।









