सुरक्षित बचपन अभियान के तहत 533 विद्यार्थियों को दी गई कानूनी जागरूकता की जानकारी.. 
गुड टच-बैड टच, साइबर धोखाधड़ी और बच्चों के कानूनी अधिकारों पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम
बेमेतरा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा के मार्गदर्शन एवं सचिव श्रीमती स्वर्णलता ओम यादव के दिशा-निर्देश में 28 अक्टूबर 2026 को ग्राम बालसमुंद स्थित गुरुकृपा पब्लिक स्कूल में ‘सुरक्षित बचपन–अभियान’ के तहत कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। प्रथम सत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें कक्षा केजी-1 से कक्षा 9वीं तक के लगभग 533 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं पैनल अधिवक्ता श्री मणिशंकर दिवाकर ने विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की सरल और व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव तथा सुरक्षित क्लिक के महत्व को समझाते हुए बच्चों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी अभिभावकों एवं संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों को देने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम, सूचना का अधिकार अधिनियम (RTI), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act), घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण, छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, नए आपराधिक कानून, मानवाधिकार संरक्षण, जन्म-मृत्यु पंजीकरण तथा माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण और कल्याण से जुड़े कानूनों पर भी जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों और जिला विधिक सहायता से संबंधित प्रावधानों से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा के पैरालीगल वॉलंटियर देवेंद्र यादव एवं दुवेंद्र सिंह सहित विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती साहू, प्राचार्य घनश्याम साहू, उपप्राचार्य बलराम साहू, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा विद्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपप्राचार्य बलराम साहू ने अतिथियों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की जानकारी अधिवक्ता राजेंद्र पुरेना ने दी।
संदेश: बच्चों को उनके अधिकारों की जानकारी देना और उन्हें सुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक करना ही सुरक्षित बचपन की मजबूत नींव है।










