*अंग्रेजी का डर दूर होगा, सीखने का आत्मविश्वास बढ़ेगा! चिल्फी में शिक्षकों को नई शिक्षण पद्धति का मिला संदेश*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*अंग्रेजी का डर दूर होगा, सीखने का आत्मविश्वास बढ़ेगा! चिल्फी में शिक्षकों को नई शिक्षण पद्धति का मिला संदेश*

*बच्चों को केवल किताबों तक सीमित रखने के बजाय गतिविधियों से जोड़ने पर जोर; नई शिक्षा नीति, FLN और 21वीं सदी के कौशलों को लेकर दाढ़ी जोन के शिक्षकों को किया गया जागरूक*

दाढी/चिल्फी – अंग्रेजी सीखना बच्चों के लिए बोझ नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति का माध्यम बने—इसी सोच के साथ शासकीय प्राथमिक शाला चिल्फी में दाढ़ी जोन का जोन स्तरीय अंग्रेजी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। शनिवार गतिविधि दिवस (बैगलेस डे) पर आयोजित इस प्रशिक्षण में शिक्षकों को बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को सरल, रोचक और गतिविधि आधारित बनाने के लिए जागरूक किया गया।

प्रशिक्षण का मुख्य संदेश रहा कि बच्चों को केवल पाठ्यपुस्तक पढ़ाना ही शिक्षा नहीं है, बल्कि उन्हें समझने, बोलने, पढ़ने, लिखने और स्वयं अभिव्यक्त होने के अवसर देना भी उतना ही जरूरी है।

अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की मास्टर ट्रेनर स्वरूपा महापात्रे ने शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप 21वीं सदी के कौशल विकसित करने तथा नई पाठ्यपुस्तकों की गतिविधियों को कक्षा में प्रभावी ढंग से लागू करने की जानकारी दी। कक्षा पहली से चौथी तक अंग्रेजी शिक्षण में अक्षर ज्ञान, शब्द ज्ञान, राइमिंग वर्ड, वाक्य निर्माण और पठन-लेखन कौशल विकसित करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रशिक्षण में आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता (FLN) के महत्व और अक्टूबर माह के चर्चा पत्र के बिंदुओं पर भी मंथन किया गया। शिक्षकों को यह समझाया गया कि बच्चों की सक्रिय सहभागिता, सवाल पूछने की स्वतंत्रता और खेल-गतिविधियों के माध्यम से सीखने का माहौल तैयार करना जरूरी है।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई। जोन प्रभारी जितेंद्र साहू, प्रधान पाठक बलदाऊ जायसवाल तथा विभिन्न संकुलों के समन्वयकों की उपस्थिति में प्रत्येक विद्यालय से अंग्रेजी शिक्षक शामिल हुए। प्रशिक्षण का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

*शिक्षा के प्रति बदलती सोच का संदेश*

यह प्रशिक्षण केवल अंग्रेजी विषय की जानकारी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इस बात की याद दिलाता है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षक की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है। जब कक्षा में पढ़ाई डर और दबाव के बजाय संवाद, गतिविधि और सहभागिता से होगी, तभी बच्चों में सीखने का आत्मविश्वास विकसित होगा।

कार्यक्रम में उमरिया, जाता, बालक दाढ़ी, कन्या दाढ़ी, पंचभैया और सेमरिया संकुल के शिक्षक एवं समन्वयक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें