*रनबोड़ में देशभक्ति का ज्वार, तिरंगे के रंग में रंगा पूरा गांव*
*80वें स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली प्रभात फेरी, सेवा सहकारी समिति में हुआ ध्वजारोहण*
नवागढ़ – स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम रनबोड़ में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। आजादी की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत स्कूली छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के साथ मंडल अध्यक्ष, सरपंच, पंच एवं आम नागरिकों ने हरी झंडी दिखाकर आयोजन की शुरुआत की। तिरंगे के साथ निकले विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। ग्रामीणों में भी राष्ट्रप्रेम और उत्साह साफ नजर आया।
इस अवसर पर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र और लोकतांत्रिक भारत में सांस ले रहे हैं, वह हमारे वीर सपूतों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उनके आदर्शों को याद रखना और राष्ट्रहित में अपना योगदान देना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
*सेवा सहकारी समिति में शान से लहराया तिरंगा*
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेवा सहकारी समिति मर्यादित रनबोड़ में विधिवत ध्वजारोहण किया गया। समिति के अध्यक्ष तुकाराम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान समिति प्रबंधक अशोक, मनोज साहू, अनिल साहू, गोकुल, सरपंच केरु राम, पंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के साथ सभी ने तिरंगे को सलामी दी। पूरे परिसर में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।ग्राम रनबोड़ में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह ने नई पीढ़ी को देश के वीर शहीदों के त्याग और बलिदान से जोड़ने के साथ-साथ एकता, राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।









