बदनारा पंचायत के नाम पर सोशल मीडिया में वायरल पोस्ट से हड़कंप, सरपंच बोलीं—न ग्राम सभा हुई, न कोई निर्णय
बदनारा पंचायत के नाम पर फर्जी पोस्ट का खेल? सरपंच ने कहा—पंचायत को बदनाम करने की कोशिश
बेमेतरा/नवागढ :-बेमेतरा जिले के नवागढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत बदनारा में ग्राम सभा के कथित सर्वसम्मत निर्णय को लेकर अब नया विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर पंचायत के नाम से कुछ पोस्ट और पोस्टर वायरल होने के बाद ग्राम पंचायत की सरपंच भुखनी जांगड़े ने इन दावों को एक सिरे से खारिज किया है। सरपंच का कहना है कि 30 अगस्त 2026 को बदनारा पंचायत में न तो ग्राम सभा की कोई बैठक हुई। बल्कि ग्रामीणों ने अपनी फसल नुकसानी को लेकर बदनारा के ग्रामीणों ने महामाया प्रागंण में आपस में बैठक किए थे।
दरअसल, सोशल मीडिया पर ग्राम पंचायत बदनारा के नाम से ऐसे पोस्टर और संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनमें पंचायत एवं ग्राम सभा के कथित निर्णय का हवाला दिया जा रहा है। मामला तब और गंभीर हो गया, जब 31 अगस्त को आवारा पशुओं को नवागढ़ एसडीएम कार्यालय ले जाने की बात सामने आई।
सरपंच भुखनी जांगड़े ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट कहा कि ग्राम पंचायत बदनारा अथवा ग्राम सभा की ओर से इस संबंध में किसी भी प्रकार का निर्णय नहीं लिया गया है। उनके मुताबिक, 30 अगस्त को ग्राम सभा की बैठक ही नहीं हुई, तो फिर सर्वसम्मति से निर्णय लिए जाने का सवाल ही नहीं उठता।
सरपंच ने आरोप लगाया कि कुछ लोग एआई की मदद से पोस्टर तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं और पंचायत के नाम का इस्तेमाल कर ग्रामीणों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।
अब सवाल यह है कि आखिर पंचायत के नाम से ऐसे पोस्टर किसने बनाए? इन्हें सोशल मीडिया पर किसने वायरल किया और इसके पीछे वास्तविक मंशा क्या है?
क्या यह ग्राम पंचायत बदनारा को बदनाम करने की कोशिश है या फिर किसी निजी विवाद को पंचायत के नाम से जोड़ने का खेल चल रहा है ?
*पंचायत के नाम से वायरल इन पोस्टरों की हकीकत क्या..?*
फिलहाल बदनारा पंचायत ने साफ कर दिया है कि आवारा पशुओं को लेकर वायरल हो रहे कथित ग्राम सभा के निर्णय से पंचायत का कोई संबंध नहीं है। अब देखना होगा कि पंचायत के नाम से वायरल इन पोस्टरों की हकीकत क्या है और इन्हें तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाला आखिर कौन है?
*वर्जन*
सरपंच ने ग्रामीणों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी पोस्ट या सूचना पर तत्काल विश्वास न करें। पंचायत की अधिकृत जानकारी और ग्राम सभा के वास्तविक निर्णय की पुष्टि किए बिना किसी अफवाह का हिस्सा न बनें।
*बाइट :- भुखनी जांगड़े, सरपंच ग्राम पंचायत बदनारा*









