*स्वेच्छानुदान में ‘अपनों’ पर मेहरबानी? 20 लाख की सूची वायरल होते ही नवागढ़ में मचा बवाल!*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

*स्वेच्छानुदान में ‘अपनों’ पर मेहरबानी? 20 लाख की सूची वायरल होते ही नवागढ़ में मचा बवाल!*

*सोशल मीडिया पर जनता ने पूछा…क्या उपचार सहायता के लिए बीमारी और गरीबी जरूरी है या राजनीतिक नजदीकियां? 20 लोगों को एक-एक लाख की स्वीकृति पर चयन प्रक्रिया और पात्रता को लेकर उठे सवाल।*

नवागढ़ – जनता अपना कीमती वोट देकर जनप्रतिनिधियों को इसलिए चुनती है कि जरूरत पड़ने पर वे गरीब, असहाय और पीड़ित परिवारों का सहारा बनें। लेकिन जब सरकारी सहायता की सूची सामने आने के बाद ही चयन प्रक्रिया पर सवाल उठने लगें, तो जवाबदेही तय होना भी जरूरी हो जाता है।नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत 20 लाख रुपये की उपचार सहायता इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। सामान्य प्रशासन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के पत्र के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की स्वीकृति से 20 लोगों को उपचार के लिए एक-एक लाख रुपये की सहायता मंजूर की गई है।जैसे ही यह सूची सोशल मीडिया पर वायरल हुई, लोगों ने सवालों की झड़ी लगा दी। चर्चा केवल 20 लाख रुपये की सहायता को लेकर नहीं, बल्कि इस बात को लेकर है कि आखिर लाभार्थियों का चयन किस आधार पर किया गया?

*सोशल मीडिया पर जनता के तीखे कमेंट—गरीबों की बारी कब आएगी?*

वायरल सूची पर प्रतिक्रिया देते हुए एक सोशल मीडिया यूजर ने गरीबों के साथ अन्याय होने की बात कही। वहीं गोलू कोशले नामक यूजर की टिप्पणी ने भी बहस को हवा दी। उन्होंने सवाल उठाया कि उपचार सहायता पाने वाले सभी लोगों की बीमारी और वास्तविक जरूरत का आकलन किस आधार पर हुआ? क्या राजनीतिक लाभ के लिए अपने समर्थकों को प्राथमिकता दी जा रही है?

अन्य यूजर्स ने भी लाभार्थियों की पात्रता और चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या नवागढ़ क्षेत्र में आर्थिक तंगी से जूझ रहे गरीब और गंभीर बीमारी से पीड़ित परिवारों की कमी है?

सोशल मीडिया पर उठ रहे इन सवालों से एक बात साफ है कि जनता सहायता राशि की स्वीकृति से ज्यादा उसके पारदर्शी वितरण का जवाब चाहती है।

*जनता के सीधे सवाल—क्या राजनीतिक पहचान बन गई पात्रता का आधार?*

यदि 20 लोगों को उपचार के लिए एक-एक लाख रुपये की सहायता मिली है, तो यह जानना भी जरूरी है कि इनका चयन किन मापदंडों पर हुआ?

– क्या सभी लाभार्थियों के उपचार संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया गया?

– क्या उनकी आर्थिक स्थिति का निष्पक्ष आकलन हुआ?

– क्या क्षेत्र के अन्य गरीब और गंभीर मरीजों के आवेदन पर भी विचार किया गया?

– क्या सहायता वितरण की कोई निर्धारित प्राथमिकता और चयन प्रक्रिया है?

– क्या लाभार्थियों की पात्रता और चयन का आधार सार्वजनिक किया जाएगा?

सबसे अहम सवाल यह है कि यदि सोशल मीडिया पर राजनीतिक नजदीकियों के आधार पर सहायता बांटने की धारणा बन रही है, तो उसे दूर करने के लिए जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार अधिकारी क्या जवाब देंगे?

*स्वेच्छानुदान जनता की राहत के लिए है, राजनीतिक एहसान के लिए नहीं!*

मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान का मूल उद्देश्य जरूरतमंदों को संकट के समय आर्थिक सहायता देना है। ऐसी सहायता किसी राजनीतिक दल, संगठन या समर्थक वर्ग तक सीमित नहीं होनी चाहिए। पात्रता और वास्तविक जरूरत ही प्राथमिकता होनी चाहिए।

यदि चयन प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं, तो संबंधित जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को सामने आकर स्पष्ट करना चाहिए कि 20 लाख रुपये की सहायता किन आधारों पर स्वीकृत हुई। साथ ही ऐसे जरूरतमंदों की स्थिति भी स्पष्ट होनी चाहिए, जिन्हें सहायता की वास्तविक आवश्यकता है, लेकिन वे अब तक लाभ से वंचित हैं।

अब नवागढ़ की जनता का सवाल सीधा है—क्या स्वेच्छानुदान में जरूरतमंदों की पुकार पहले सुनी जाएगी या राजनीतिक नजदीकियों की?

क्योंकि जनता केवल वोट देने के लिए नहीं, अपने अधिकारों और जरूरतों का जवाब मांगने के लिए भी जागरूक है।

सहायता पर नहीं, चयन की पारदर्शिता पर सवाल है। जनता को आश्वासन नहीं, जवाब चाहिए!

Leave a Comment

और पढ़ें