*कलेक्टर ने जिले की यातायात व्यवस्था, सड़कों की स्थिति और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उपायों की विस्तृत समीक्षा की*
*बेमेतरा 17 मार्च 2026:-*
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिला कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर सड़क दुर्घटना पर रोक लगाने और जन धन सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दी है । उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना एक गंभीर स्थिति है, जिससे असमय मृत्यु होने और जनधन की अपूरणीय क्षति हो जाती है। उन्होंने कहा कि इस पर रोक लगाने की दिशा में प्रशासन काफी गंभीर है। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुधारने और दुर्घटनाओं को कम करने के संबंध में कई कड़ी निर्देश दी है।
कलेक्टर ने ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हित करने , यहां आवश्यक सुरक्षा संकेतक लगाने के साथ ही आवश्यक उपाय करने कहा है।
*दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों पर सुरक्षात्मक उपायों पर जोर*
कलेक्टर ने जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा में जिले की यातायात व्यवस्था, सड़कों की स्थिति और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उपायों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बैठक में लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं (ब्लैक स्पॉट्स), वहां तत्काल सुधारात्मक कार्य किए जाएं। साइन बोर्ड, रंबल स्ट्रिप्स और रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए गए। इसी तरह हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता: ,पुलिस और परिवहन विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों और बिना सीट बेल्ट चार पहिया वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।
*सड़कों पर अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई करें*
कलेक्टर ने सड़कों पर अवैध अतिक्रमण पर कड़ी कार्रवाई करने कहा। उन्होंने मुख्य मार्गों और चौराहों पर होने वाले अवैध अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। ताकि यातायात बाधित न हो और दृश्यता बनी रहे। इसके साथ ही स्कूल बसों की जांच: करने ,बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने कहा । कलेक्टर ने सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच करने और सुप्रीम कोर्ट के गाइडलाइन्स का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आवारा पशुओं का उचित प्रबंधन करने निर्देशित की। कलेक्टर ने सड़कों पर बैठने वाले आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नगर निगम और संबंधित विभागों को विशेष अभियान चलाने को कहा गया। उन्होंने जनजागरूकता पर जोर दिया है।
*कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों के पालन से नहीं, बल्कि जागरूकता से भी जुड़ी है*
कलेक्टर ने अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों के पालन से नहीं, बल्कि जागरूकता से भी जुड़ी है। स्कूलों और कॉलेजों में यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा को लेकर आम नागरिकों के बीच सुरक्षात्मक उपाय के संबंध में जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें, सड़क सुरक्षा के लिए अपनी संवेदनशीलता का परिचय देवें।










