*पुलिस बल की मौजूदगी में श्रीराम मंदिर की लगभग सात एकड़ जमीन हुई कब्जा मुक्त*

न्यूज़ स्टोरी बेमेतरा @ छत्तीसगढ़ जिले के सिंघोरी में प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए श्रीराम मंदिर की लगभग 7 एकड़ से अधिक बहुमूल्य भूमि को वर्षों पुराने अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया है। एसडीएम प्रकाश भारद्वाज के निर्देशों के बाद तहसीलदार अनिरुद्ध मिश्रा, एसडीओपी और पुलिस बल की भारी मौजूदगी में यह अभियान चलाया गया। लंबे समय से इस बेशकीमती जमीन पर दिनेश पटेल नामक व्यक्ति का अवैध कब्जा था।
राजस्व विभाग ने खसरा क्रमांक 495 और 518 (कुल रकबा 0.194 और 2.69 हेक्टेयर) की इस भूमि का सीमांकन कर कब्जा वापस ले लिया। इसके बाद प्रशासन ने मंदिर समिति के अध्यक्ष बृजमोहन शर्मा और अन्य सदस्यों को मौके पर ही जमीन का भौतिक कब्जा सौंप दिया, जिसे समिति ने अपनी लंबी कानूनी जीत बताया है। प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई के दौरान संवेदनशीलता दिखाते हुए वर्तमान में खेत में लगी टमाटर की फसल को सुरक्षित हटाने के लिए
कब्जेधारी को 15 दिनों का समय दिया है। तहसीलदार अनिरुद्ध मिश्रा ने स्पष्ट किया कि यह पूरी कार्रवाई न्यायालय के आदेशानुसार और मंदिर समिति द्वारा दिए गए आवेदन पर विधिक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद की गई है। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी और राजस्व अमला मुस्तैद रहा। मंदिर समिति ने इस त्वरित कार्रवाई पर गहरा संतोष व्यक्त करते हुए इसे न्याय की जीत बताया है।
*कोर्ट के आदेश पर कब्जा मुक्त कराया*
न्यायालय के आदेश पर आज कब्जा मुक्ता कराया गया है। समिति के आवेदन के बाद प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कब्जेदार दिनेश पटेल उपस्थित रहे।
अनिरुद्ध मिश्रा, तहसीलदार बेमेतरा,










