भिलाई स्टील प्लांट के मैत्री गार्डन जू में बढ़ती ठंड के बीच जानवरों की सुरक्षा का विशेष इंतजाम… 
न्यूज़ स्टोरी दुर्ग छत्तीसगढ़ – ठंड का असर अब भिलाई के मैत्री गार्डन जू में भी साफ़ नजर आने लगा है,भिलाई स्टील प्लांट के अधीन संचालित इस जू में वन्य जीवों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर जू प्रबंधन ने खास तैयारियां की हैं। बढ़ते ठंडे मौसम को देखते हुए जानवरों को गर्म रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भारत और रूस की मैत्री के प्रतीक माने जाने वाले भिलाई स्टील प्लांट के मैत्री गार्डन जू में ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए जू प्रबंधन पूरी तरह सतर्क है। लगातार गिरते तापमान के चलते जू परिसर में मौजूद वाइट टाइगर, बबर शेर और तेंदुए के बाड़ों में अलाव की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें ठंड से बचाया जा सके और पर्याप्त गर्माहट मिलती रहे।वहीं हिरण, बारहसिंगा, नीलगाय सहित अन्य शाकाहारी जीवों और पक्षियों के लिए पैरा और सूखी घास बिछाई गई है, जिससे वे ठंड से सुरक्षित रह सकें। जू प्रबंधन की ओर से जानवरों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है। समय-समय पर उनकी जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त इंतजाम भी किए जा रहे हैं। जू प्रबंधक का कहना है कि ठंड लगातार बढ़ रही है, ऐसे में सभी जानवरों की सेहत हमारी प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।ठंड के मौसम के बावजूद मैत्री गार्डन में पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ जू भ्रमण के लिए पहुंच रहे हैं। जू प्रबंधन द्वारा पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।कुल मिलाकर, भिलाई स्टील प्लांट के मैत्री गार्डन में ठंड के मौसम में भी जानवरों के संरक्षण और स्वास्थ्य को लेकर पूरी गंभीरता से काम किया जा रहा है, जिससे यह जू पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।।










