ब्लाक कांग्रेस कमेटी मरवाही अध्यक्ष का गठन, पदभार ग्रहण समारोह में प्रदेश सरकार पर जमकर बरसे कांग्रेस नेता…
न्यूज़ स्टोरी@ गौरेला छत्तीसगढ़ – मरवाही में ब्लाक कांग्रेस कमेटी मरवाही के अध्यक्ष दया वाकरे के गठन एवं पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन पूरे राजनीतिक उत्साह और जोश के साथ किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता मनोज गुप्ता सहित नगर पालिका अध्यक्ष पेड्रा राकेश जालान सहित कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। समारोह के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों को लेकर जमकर हमला बोला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं राकेश जालान ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार जनहित के मुद्दों से पूरी तरह विमुख हो चुकी है। किसानों को खाद और बीज के लिए भटकना पड़ रहा है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और महंगाई लगातार आम जनता की कमर तोड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल घोषणाएं कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।
नेताओं ने कहा कि मरवाही सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं। आदिवासी अंचलों की उपेक्षा की जा रही है और मूलभूत सुविधाओं जैसे सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि सरकार की नीतियों का सीधा असर गरीब, किसान, मजदूर और आदिवासी वर्ग पर पड़ रहा है।
पदभार ग्रहण करने वाले नव नियुक्त अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ब्लाक स्तर से लेकर बूथ स्तर तक कांग्रेस को सशक्त किया जाएगा और जनसमस्याओं को सड़क से सदन तक पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा।
समारोह के अंत में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने और आगामी चुनावों में सरकार को जवाब देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह राजनीतिक जोश और उत्साह से भरा रहा।










