अवैध कब्जों के चलते धीरे-धीरे सिकुड़ती जा रही तालाब की जमीन*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*अवैध कब्जों के चलते धीरे-धीरे सिकुड़ती जा रही तालाब की जमीन*

 

*नहर का पानी बंद, सूखने की कगार पर कोहका का हरि तालाब*

 

 

 

न्यूज़ स्टोरी भिलाई @छत्तीसगढ़ – वार्ड 13 पुरानी बस्ती कोहका स्थित हरि तालाब आज अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है। नहर का पानी बंद किए जाने के बाद तालाब लगभग सूख चुका है। कभी क्षेत्र की पहचान रहा यह जलस्रोत अब बदहाली और उपेक्षा की तस्वीर बन गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले करीब 17 वर्षों से तालाब की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। नियमित जल आपूर्ति नहीं होने से तालाब का पानी धीरे-धीरे कम होता गया। जहां कभी पानी लबालब भरा रहता था, अब हालात यह हैं कि अधिकांश हिस्सा सूखा पड़ा है। तालाब सूखने का असर आसपास के जलस्तर पर भी पड़ा है। क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि भूजल स्तर काफी नीचे चला गया है। हैंडपंप और बोरवेल में पहले की तुलना में पानी कम निकल रहा है। इससे गर्मी के दिनों में जल संकट की आशंका और बढ़ गई है। स्थिति और गंभीर तब हो गई जब सूखे तालाब को कचरा फेंकने की जगह बना दिया गया। तालाब परिसर और वहां तक जाने वाले रास्ते में खुलेआम कचरा डाला जा रहा है। प्लास्टिक, घरेलू कचरा और निर्माण सामग्री का मलबा यहां देखा जा सकता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि तालाब के आसपास कुछ लोगों ने अवैध निर्माण भी कर लिया है। धीरे-धीरे तालाब की जमीन सिकुड़ती जा रही है। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो आने वाले वर्षों में यह तालाब पूरी तरह नक्शे से गायब हो सकता है।

 

*17 साल से बदहाल, जलकुंभी से अटा तालाब*

 

*कभी लबालब रहता था हरि तालाब, अब सूखा और उपेक्षित*

 

क्षेत्र के निवासी रमेश चन्द्र ने बताया कि कई वर्षों से हरि तालाब की कोई साफ-सफाई नहीं की गई है। धीरे-धीरे इसकी हालत दयनीय होती चली गई। उन्होंने बताया कि एक समय था जब यह तालाब पूरे साल लबालब भरा रहता था। बरसात के दौरान जब पानी अधिक हो जाता था तो ओवरफ्लो की स्थिति संभालने के लिए पाइप लाइन भी बिछाई गई थी। उस पाइप के माध्यम से अतिरिक्त पानी नाली में चला जाता था, ताकि आसपास के घरों में जलभराव न हो, लेकिन अब स्थिति बिल्कुल उलट है। तालाब में पानी ही नहीं आज वहां सूखी जमीन नजर आती है।

 

*तालाब परिसर बना नशेड़ियों का अड्डा दहशत का माहौल*

 

वार्ड 13 कोहका स्थित हरि तालाब के आसपास अब असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है। स्थानीय निवासी जयंती सेन और दुरपद बाई देशमुख ने बताया कि शाम होते ही यहां नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है। मना करने पर वे झगड़े पर उतारू हो जाते हैं। निवासियों के अनुसार कुछ माह पहले शराब पीने से रोकने पर कुछ युवकों ने एक महिला पर प्राणघातक हमला भी किया था। घटना के बाद से इलाके में डर का माहौल है। स्थिति को देखते हुए कई लोगों ने अपने घरों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगा लिए हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें