देवरबीजा: हनुमान मंदिर के समीप से अवैध चखना सेंटर हटाया गया, क्षेत्र हुआ स्वच्छ और व्यवस्थित
♦
बेरला विकासखंड के देवरबीजा स्थित हनुमान जी मंदिर के पास बीजा जाने वाले मुख्य चौक पर संचालित एक चखना सेंटर को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए हटवा दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर के समीप लगातार मुर्गा एवं अंडे के अवशेष फेंके जाने से आसपास दुर्गंध फैल रही थी, जिससे श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
बताया जाता है कि इस संबंध में गौसेवकों एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने संचालक जलेश साहू को कई बार समझाइश दी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसके बाद मामले की शिकायत प्रशासन से की गई।
शिकायत के आधार पर एसडीएम बेरला तथा देवरबीजा चौकी पुलिस की मौजूदगी में प्रशासनिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान मंदिर परिसर और सार्वजनिक स्थल के समीप किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया।
इस अभियान में गणेश वैष्णव, रोमन पांडेय, शरद वर्मा, मोनू यदु, दुर्गेश पटेल, शोभित पटेल सहित कई स्थानीय लोगों का सहयोग रहा।
कार्रवाई के बाद हनुमान मंदिर के आसपास का क्षेत्र स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित नजर आ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए सार्वजनिक धार्मिक स्थलों की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने की मांग की है।









